Followers

Powered by Blogger.
  • Home
  • अब भी मेहमानों के लिए स्वप्न देश है भारत

    आतंकियों ने भारत की वित्तीय राजधानी को निशाना बनाकर बेगुनाहों का कत्लेआम किया और दहशत फैलाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन इन तमाम घृणित करतूतों के बावजूद आतंक के ये सौदागर भारत आने वाले विदेशी सैलानियों के हौंसले नहीं तोड़ पाए हैं, इन विदेशी मेहमानों के लिए भारत सपनों का देश बना रहेगा।
    आस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर के दंपति अविवा और रोडनी टाफ्ट ने बताया कि मेरे दामाद बीएमडब्ल्यू कंपनी में मार्केटिंग एंड सेल्स संकाय के निदेशक हैं और जिस समय मुंबई में आतंकी हमला हुआ, उस समय वह मुंबई से दिल्ली लौटने वाले थे। आतंकी हमलों की खबर से मेलबर्न में मेरी पुत्री चिंतित हो गई, लेकिन अपने दामाद को मेलबर्न लौटने के लिए कहने के बजाय, हम खुद भारत चले आए। उन्होंने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं विकास और लोगों के बीच संवाद के मार्ग में बाधा उत्पन्न करती हैं, लेकिन आतंकवाद अब वैश्विक घटना बन चुकी है। इस सबके बीच विश्व के सभी प्रगतिशील मुल्कों को इस बुराई से निपटने के लिए ठोस नीति तैयार करनी चाहिए। रोडनी ने कहा कि भारत में कई खास बातें हैं जो हमें अपनी ओर आकर्षित करती हैं। भारत हमारे लिए सदा सपनों का देश बना रहेगा।
    जर्मनी के म्यूनिख शहर के गेडहार्ड स्वेन ने कहा कि आतंकवाद आज पूरे विश्व में फैल गया है, लेकिन मुंबई में आतंकी हमलों के बारे में जैसी खबरें आ रही हैं, उससे विदेश में गलत संदेश जा रहा है, हालांकि यहां आकर पता चला की स्थिति सामान्य है। स्वेन ने कहा कि जब मैं म्यूनिख से दिल्ली आ रहा था तो मेरे दोनों बेटों ने मुझे यहां आने से मना किया था, लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि दुष्टों के इतने प्रयासों के बावजूद भारतीय कितने जीवट एवं जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक अद्भुत देश है, जहां आने पर एक अजीब सुकून मिलता है।

    उक्रेन के सर्गेई मिलोविच ने कहा कि आतंकी ऐसे हमले कर विकास का मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास करते हैं। मुंबई में ऐसा हमला कर उन्होंने विकास की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसका असर काफी कम समय तक ही रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत के लोग काफी हिम्मती हैं। यहां की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक विरासत से दुनिया के लोग काफी देर तक दूर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों के बावजूद हम इस स्वप्नलोक में आते रहेंगे।
    एयर चाइना की कंट्री मैनेजर झाओ क्वानझेन ने कहा कि आतंकवाद एक वैश्विक घटना बन गई है जो भारत और चीन के लोगों के समक्ष गंभीर चुनौती पेश कर रही है। मुंबई पर हुए आतंकी हमले सरकारों के समक्ष समस्या खड़ी करने और लोगों के बीच शांति के माहौल को खराब करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुंबई के आतंकी हमले कुछ समय तक तो लोगों को जरूर प्रभवित करेंगे, लेकिन भारत के लोग इस बुराई को परास्त करने में सक्षम हैं। जागरण

    Share this article :

    Total Pageviews